बुयोल (स्पेन)। स्पेन के बुयोल शहर में कल दुनिया का सबसे अनोखा और रंगीन त्योहार ला टोमैटिना धूमधाम से मनाया गया। हजारों लोग इस मौके पर इकट्ठा हुए और टनों पके हुए टमाटरों से एक-दूसरे पर फेंकते हुए जमकर मस्ती की।
देखिए तस्वीरों में टमाटरों की बारिश के बीच मस्ती करते लोग…

सुबह से ही गलियां पर्यटकों और स्थानीय लोगों से भर गईं। जैसे ही संकेत मिला, ट्रकों में भरे लाल-लाल टमाटर सड़कों पर उतारे गए और शुरू हुआ असली टमाटर युद्ध। हर ओर टमाटरों की बरसात होने लगी। लोग चेहरे से लेकर कपड़ों तक टमाटरों में लथपथ हो गए और नाचते-गाते त्योहार का आनंद लेते नजर आए।
यह परंपरा 1945 में शुरू हुई थी और आज यह स्पेन का अंतरराष्ट्रीय आकर्षण बन चुकी है। हर साल अगस्त के अंतिम बुधवार को आयोजित होने वाला यह त्योहार दुनियाभर के पर्यटकों को अपनी ओर खींचता है।
आयोजन समिति के अनुसार इस बार भी हजारों किलो टमाटरों का इस्तेमाल किया गया। सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।
लोगों का कहना था कि यह सिर्फ एक त्योहार नहीं बल्कि खुशियों का ऐसा उत्सव है, जो हर किसी को जीवनभर याद रहता है।













