वीर बाल दिवस पर ऑल इंडिया सिख फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह दुआ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिन्ह स्वरूप भेंट की तलवार

 

लखनऊ।

वीर बाल दिवस के पावन अवसर पर ऑल इंडिया सिख फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं समाजसेवी गुरप्रीत सिंह दुआ ने लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आवास पर उनसे शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने सिख इतिहास की वीरता, बलिदान और शौर्य का प्रतीक तलवार स्मृति चिन्ह के रूप में मुख्यमंत्री को भेंट की।
गुरप्रीत सिंह दुआ ने वीर बाल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों के अद्वितीय बलिदान को स्मरण करने का अवसर है, जिन्होंने धर्म, सत्य और मानवता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी को साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देने के लिए ऐसे आयोजनों का विशेष महत्व है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस भावपूर्ण भेंट के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुरु साहिबजादों का बलिदान भारत की आत्मा में रचा-बसा है और यह देशवासियों को सदैव कर्तव्यपथ पर चलने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने सिख समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि समाज की एकता और सद्भाव के लिए ऐसे प्रयास अत्यंत सराहनीय हैं।
इस अवसर पर सिख समाज के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Hind News 9
Author: Hind News 9

ताजा खबरें