जिलाधिकारी श्री अनुज सिंह की अध्यक्षता में पंचायत भवन के सभागार में कावड़ यात्रा से सम्बन्धित जत्थेदार, कैंप संचालक और भंडारा आयोजकों के साथ बैठक आयोजित हुई।
बैठक के दौरान वहां मौजूद लोगों की समस्याएं चिन्हित की गईं तथा उनके समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में कावड़ मार्ग पर जगह जगह प्रकाश और साफ सफाई व्यवस्था कराई गई है।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी के स्तर से दिए गए निर्देशों के अनुसार कावड़ यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के भरपूर इंतजाम किए जा रहे हैं। कावड़ यात्रियों की सुविधा के लिए पूरे कावड़ मार्ग पर पुलिस पेट्रोलिंग एवं चिन्हित स्थानों पर स्वास्थ्य कैंप भी लगेंगे ताकि यदि किसी कावड़ यात्री को स्वास्थ्य संबंधी कोई दिक्कत हो तो तत्काल उन्हें मेडिकल सुविधा मिल सके।
उन्होंने कहा कि कुछ क्षेत्रों में गुलदार देखे गए हैं जिनसे बचाव के लिए कावड़ यात्री जत्थे में ही चलें और किसी भी असुविधा की स्थिति में तत्काल पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सूचित करें ताकि त्वरित रूप से जरूरी कदम उठाए जा सकें।
डीजे की ऊंचाई और ध्वनि स्तर के लिए विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी प्रकार का अस्त्र शस्त्र या ज्वलनशील पदार्थ साथ लेकर न चलें।
कावड़ मार्गों पर भंडारे का आयोजन करने वाले आयोजकों से जिलाधिकारी ने कहा कि वे अस्थाई विद्युत कनेक्शन प्राप्त कर लें साथ ही भंडारे में तैयार होने वाले प्रसाद/भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखें।
कावड़ मार्गों पर संचालित होटल और ढाबों पर शासन स्तर से जारी निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इसके लिए खाद्य सुरक्षा से जुड़ी टीमें सक्रिय रहेंगी जो खाद्य पदार्थों से संबंधित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराएंगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि कावड़ यात्री अपने पास पहचान पत्र अवश्य रखें साथ ही किसी भी असुविधा की स्थिति में पुलिस प्रशासन से सहयोग प्राप्त करें।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन श्री गुलाब चंद्र, एसपी ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह, एसपी सिटी रणविजय सिंह, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी गण मौजूद रहे।













