देहरादून
स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व, समाज के प्रति समर्पण एवं निरंतर नवाचार के लिए कॉसमॉस हॉस्पिटल, मुरादाबाद के प्रबंध निदेशक डॉ. अनुराग अग्रवाल को ET Leadership Excellence Award से सम्मानित किया गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान देश के अग्रणी मीडिया समूह The Times of India Group द्वारा आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
उक्त पुरस्कार समारोह उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के पंच सितारा होटल हयात रीजेंसी में अत्यंत गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से चयनित देशभर के विशिष्ट व्यक्तित्वों को आमंत्रित किया गया था।

इस अवसर पर उत्तराखंड के माननीय गवर्नर लेफ्टिनेंट जनरल श्री गुरमीत सिंह जी द्वारा डॉ. अनुराग अग्रवाल को सम्मानित किया गया।
ET Leadership Excellence Award के लिए देशभर से नॉमिनेशन आमंत्रित किए गए थे। चयन प्रक्रिया अत्यंत कठिन एवं पारदर्शी रही, जिसमें कई सख्त पैरामीटर निर्धारित किए गए थे। जूरी द्वारा उन्हीं व्यक्तित्वों का चयन किया गया जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया हो। इन सभी मानकों पर खरे उतरते हुए डॉ. अनुराग अग्रवाल का चयन किया गया।
डॉ. अनुराग अग्रवाल के नेतृत्व में कॉसमॉस हॉस्पिटल, मुरादाबाद ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित की है। अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएँ, अनुभवी चिकित्सकों की टीम, मरीज-केंद्रित सेवाएँ तथा समाज के कमजोर वर्गों तक बेहतर इलाज पहुँचाने की उनकी सोच ने उन्हें एक संवेदनशील एवं दूरदर्शी लीडर के रूप में स्थापित किया है।
सम्मान प्राप्त करने के उपरांत डॉ. अनुराग अग्रवाल ने कहा कि
“यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि कॉसमॉस हॉस्पिटल की पूरी टीम, चिकित्सकों, स्टाफ और उन सभी मरीजों का है जिन्होंने हम पर विश्वास किया। हमारा लक्ष्य सदैव गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और मानवीय स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करना रहेगा।”
इस उपलब्धि पर मुरादाबाद सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष का वातावरण है। शहर के गणमान्य नागरिकों, चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने डॉ. अनुराग अग्रवाल को इस राष्ट्रीय सम्मान के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं।














