Breaking News-हिमाचल प्रदेश में एनएचएआई अधिकारी पर हमला ,केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने की सख्त कार्यवाही की बात

हिमाचल प्रदेश में एनएचएआई अधिकारी पर कथित हमले के बाद नितिन गडकरी ने की ये मांग

नितिन गडकरी

केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इस मामले को लेकर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से सख़्त कार्रवाई करने को कहा है

हिमाचल प्रदेश के शिमला में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के एक वरिष्ठ अधिकारी अचल जिंदल ने राज्य के पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह पर कथित तौर पर हमला करने का आरोप लगाया है. इस पर केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की प्रतिक्रिया आई है.

उन्होंने एक्स पर लिखा, “एनएचएआई पीआईयू शिमला के मैनेजर श्री अचल जिंदल पर हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज के मंत्री और उनके साथियों की ओर से किया गया हमला बेहद शर्मनाक है और यह क़ानून व्यवस्था का अपमान है.”

“अपनी ड्यूटी कर रहे एक सरकारी अफ़सर पर इस तरह हमला करना न केवल उनकी सुरक्षा के लिए ख़तरा है बल्कि सरकारी संस्थाओं की छवि को भी नुक़सान पहुंचाता है.”

उन्होंने बताया कि इस मामले के बारे में उन्होंने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात की और उनसे तुरंत सख़्त कार्रवाई करने को कहा.

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के प्रबंधक अचल जिंदल ने आरोप लगाया है कि हिमाचल प्रदेश के पंचायती राज और ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने 30 जून को शिमला के भट्टाकुफर इलाके में निरीक्षण के दौरान उनके साथ मारपीट और गाली-गलौज की.

इसी के साथ अचल जिंदल ने उनके साथ मारपीट के आरोप में अनिरुद्ध सिंह के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज कराई है.

वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव ने इस मामले को लेकर हिमाचल प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना को पत्र लिखा है.

इस पूरे मामले पर हिमाचल प्रदेश के मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात की.

उन्होंने कहा, “मुझे इस घटना की जानकारी न्यूज़ के माध्यम से मिली है. साथ ही, कल मुझे केंद्रीय सड़क एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के कार्यालय से भी इस घटना के बारे में सूचना मिली है.”

“मुझे इसकी पूरी जानकारी अभी नहीं है. मुख्यमंत्री जी के संज्ञान में इस विषय को लाया गया है. जो भी इस मामले में कार्रवाई करनी है, वह मुख्यमंत्री जी ही करेंगे.”

Hind News 9
Author: Hind News 9

ताजा खबरें