मुरादाबाद। थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम ने ठगी के एक मामले का खुलासा करते हुए अभियुक्त आकिब जावेद को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी दिल्ली की एक महिला के साथ ऑनलाइन ठगी के प्रकरण में की गई है।
गिरफ्तारी के बाद रिज़र्व पुलिस लाइन मुरादाबाद में प्रेस वार्ता आयोजित की गई, जिसमें एसपी यातायात सुभाष चंद्र गंगवार ने मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अभियुक्त आकिब जावेद ने महिला के साथ साइबर ठगी की थी, जिसकी शिकायत पर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य जुटाकर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी से पूछताछ जारी है और उससे ठगी से जुड़ी अन्य जानकारियाँ भी जुटाई जा रही हैं। साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान कॉल, संदेश या लिंक पर विश्वास न करें और ठगी जैसी गतिविधियों से बचाव के लिए सतर्क रहें।














