कुंदरकी रेलवे स्टेशन निरीक्षण में खामियों का खुलासा

 

मुरादाबाद

छायाकार/संवादाता:-सोहेल खान

कुंदरकी रेलवे स्टेशन पर डीआरयूसीसी सदस्य डॉ. पवन कुमार जैन द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां उजागर हुईं। यात्रियों की मूलभूत सुविधाओं में भारी लापरवाही देखने को मिली।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि यात्री प्रतीक्षा कक्ष में बने महिला एवं पुरुष शौचालय तालेबंद थे। जब स्टेशन मास्टर परविंदर कुमार से इस विषय पर पूछा गया तो उनका जवाब अत्यंत हास्यास्पद था—“जब कोई यात्री आता है तो हम उसे चाबी दे देते हैं, और उपयोग के बाद शौचालय बंद करवा लेते हैं।” यह स्थिति यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण है।

स्वच्छता की चिंताजनक स्थिति

स्टेशन पर लगी पानी की टोंटियां इतनी गंदी पाई गईं कि यात्री पीने या टॉयलेट हेतु पानी लेने से भी हिचकिचाएं। प्लेटफार्म पर स्थित सार्वजनिक शौचालय में गंदगी का अंबार था। ऐसा प्रतीत होता है कि स्टेशन पर नियमित सफाई व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते शौचालयों को ताले में बंद रखा जाता है।

सुरक्षा में लापरवाही

निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि स्टेशन पर लगे आग बुझाने वाले सिलेंडर एक्सपायरी डेट के हैं, जो यात्रियों की सुरक्षा से सीधे जुड़ा गंभीर मामला है।

यात्रियों के अधिकारों का उल्लंघन

रेलवे स्टेशन पर स्वच्छ पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं यात्रियों का मौलिक अधिकार हैं। ट्रेनों के विलंब से घंटों इंतजार करने वाले यात्रियों को इन सुविधाओं से वंचित रखना सीधा अधिकार हनन है।

पूर्व में भी इस विषय पर विभाग का ध्यान आकर्षित कराया गया था, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होना विभागीय उदासीनता को दर्शाता है।

डॉ. पवन कुमार जैन ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि इन खामियों पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि यात्रियों को न्यूनतम सुविधाएं तो सुनिश्चित हो सकें।

 

Hind News 9
Author: Hind News 9

ताजा खबरें