मुरादाबाद। माउंटेनियर रवि कुमार फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया के तत्वाधान में संस्था के सचिव मनोज कुमार ने यूरोप महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी माउंट एलब्रश (ऊँचाई 5642 मीटर) पर 24 अगस्त की सुबह 8:00 बजे सफलतापूर्वक आरोहण कर भारत की आन-बान-शान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लहराया।
मनोज कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 20 अगस्त को वे आजऊ पहुँचे। 21 अगस्त को उन्होंने चेगेट चोटी (ऊँचाई 3739 मीटर) पर सफलतापूर्वक आरोहण किया। 22 अगस्त को बेस कैंप पहुँचे और लगभग 4900 मीटर हाइट गेन कर पुनः बेस कैंप लौट आए। 23 अगस्त की रात 11:30 बजे बेस कैंप से एलब्रश शिखर की ओर प्रस्थान किया। -13 डिग्री तापमान तथा 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही बर्फीली हवाओं जैसी प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और 24 अगस्त की सुबह 8:00 बजे शिखर पर पहुँचकर तिरंगा फहराया।
इस अभियान की शुरुआत उन्होंने अपने मार्गदर्शक एवं पथ प्रदर्शक श्री अमित कुमार घोष, आईएएस, प्रमुख सचिव उत्तर प्रदेश सरकार से लखनऊ में फ्लैग-ऑफ कर आशीर्वाद लेकर की थी। साथ ही मुरादाबाद महानगर विधायक श्री रितेश कुमार गुप्ता द्वारा भी फ्लैग-ऑफ किया गया।
गौरतलब है कि इससे पूर्व भी मनोज कुमार ने अगस्त 2024 में हिमाचल प्रदेश की यूनाम चोटी (लाहौल-स्पीति) पर 15 अगस्त को सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया था। इसके अतिरिक्त 25 अगस्त को कांग यास्ते-2 तथा 30 अगस्त को कांग यास्ते-1 पर सफल आरोहण कर मात्र 15 दिनों में तीन चोटियों पर विजय प्राप्त करने वाले उत्तर प्रदेश के प्रथम पर्वतारोही बने थे।














