मंडलायुक्त श्री आञ्जनेय कुमार सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में मुरादाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड के निदेशक मण्डल की सातवीं बैठक आयोजित हुई।
बैठक में इलैक्ट्रिक बसों के संचालन हेतु शहरी गतिशीलता क्षेत्र के निर्धारण के संबंध में यह निर्णय लिया गया कि यह विषय शासन के अधिकार क्षेत्र में है, ऐसी स्थिति में शहरी गतिशीलता क्षेत्र (Urban Mobility Area) का निर्धारण शासन स्तर से कराए जाने का अनुरोध किया जाना उचित होगा।
उन्होंने निर्देशित किया कि मार्ग पर सघन चेकिंग कर टिकट चोरी प्रकरणों पर पूर्ण अंकुश लगाया जाए, टीएमयू मार्ग पर मरीजों को किराए में विशेष छूट प्रदान की जाए, शासन द्वारा दिव्यांग जनों को नगरीय बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान किए जाने तक पूर्ण रुप से दिव्यांग जनों को 50 प्रतिशत एवं उनके सहवर्ती को 25 प्रतिशत किराए में छूट प्रदान की जाए, नए मार्ग बिलारी/कुंदरकी/डींगरपुर का सर्वे कर आवश्यकतानुसार इलैक्ट्रिक बसों का संचालन कराया जाए।
उन्होंने मूढापाण्डे तक इलैक्ट्रिक बसों के संचालन हेतु मार्ग पर पड़ने वाले टोल में विशेष छूट प्रदान करने हेतु परियोजना प्रबन्धक, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण मुरादाबाद को भी निर्देशित किया।
उन्होंने रोडवेज के आरएम को निर्देशित किया कि कोई भी रोडवेज बस ड्राइवर नशे में बस न चलाएं और कावड़ यात्रा के दौरान यातायात नियमों का भी गंभीरता पूर्वक पालन कराया जाए।













