गुजरात के वडोदरा जिले में महिसागर नदी पर बने पुल का एक हिस्सा ढहने से उस समय वहां से गुजर रहे सात वाहन 100 फीट नीचे नदी में जा गिरे। इस हादसे में दो बच्चों समेत 13 लोगों की मौत हो गई जबकि नौ अन्य लोगों को आसपास मौजूद लोगों ने बचा लिया। एक टैंकर टूटे पुल के किनारे पर ही लटक गया।
आणंद और वडोदरा शहर को जोड़ने वाले इस पुल पर हादसा बुधवार सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ। 900 मीटर लंबे इस पुल का उद्घाटन 1985 में हुआ था। तीन साल पहले प्रशासन द्वारा इसकी जांच कराई गई थी और उस समय रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके बावजूद पुल आवागमन के लिए चालू रखा गया था। बताया जाता है कि नौ दिन पहले भी इसका निरीक्षण किया गया था। वह तो गनीमत रही कि नदी में पानी कम था, अन्यथा हादसे में और लोगों की भी जान जा सकती थी।
आधा दर्जन से ज्यादा वाहन पुल में ढह गए
पादरा शहर के निकट गंभीरा पुल पर हुए इस हादसे का पता लगते ही स्थानीय लोग वहां पहुंचे और नौ लोगों को नदी से सुरक्षित निकाला। जिला प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ व फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। छह लोगों को उपचार के लिए वडोदरा के एसएसीजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।













