तेलंगाना में एक फ़ार्मा फ़ैक्ट्री धमाके में 36 लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग लापता हैं

तेलंगाना के संगारेड्डी ज़िले के पासामईलरम औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक फ़ार्मा कंपनी के रिएक्टर में विस्फोट के कारण कम से कम 36 लोगों की मौत हुई है.
अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि लापता लोगों की तलाश अभी भी जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक़ विस्फोट के समय वहां 143 लोग मौजूद थे, जिनमें से 58 को बचाया जा चुका है, जबकि बाक़ी लापता हैं. घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है.
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने मारे गए लोगों के लिए सहायता राशि की घोषणा की है. रेवंत रेड्डी ने कहा है कि हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को सहायता राशि के रूप में एक-एक करोड़ रुपये दिए जाएंगे.













