मुरादाबाद। दीपावली पर पटाखों की खुशियों के बीच आंखों की सुरक्षा को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। पटाखों से निकलने वाली चिंगारी, बारूद और धुआं आंखों में जलन से लेकर गंभीर चोट और रोशनी प्रभावित होने तक का कारण बन सकते हैं।

भव्या हॉस्पिटल के प्रबंध निदेशक डॉ. विराग श्रीवास्तव ने शहरवासियों से अपील की है कि पटाखे हमेशा सुरक्षित दूरी से जलाएं और बच्चों को विशेष निगरानी में रखें। उन्होंने बताया कि यदि पटाखे की चिंगारी या बारूद आंख में चला जाए तो घबराएं नहीं, आंख को बिल्कुल न रगड़ें। साफ बहते पानी से आंख को धीरे-धीरे धोएं। आंख में फंसे कण को स्वयं निकालने, दबाव डालने या घरेलू दवाओं का इस्तेमाल करने से बचें। इसके बाद तत्काल नेत्र विशेषज्ञ या नजदीकी अस्पताल पहुंचें। यदि आंख में जलन, दर्द, धुंधलापन या दिखाई देने में परेशानी हो तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज न करें।
डॉ. विराग श्रीवास्तव ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी किसी बड़ी दुर्घटना से बचा सकती है। दीपावली रोशनी और खुशियों का त्योहार है, इसे लापरवाही के कारण अंधकार में न बदलने दें।












